पंचकूला। कोरोना काल में ठेके पर रखे गए 43 कर्मचारियों ने सेवा समाप्त करने पर मंगलवार को सेक्टर-6 सिविल अस्पताल के गेट के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग कर कहा कि उन्हें दोबारा नौकरी पर रखा जाए। यह रोष प्रदर्शन स्वास्थ्य ठेका कर्मचारी यूनियन पंचकूला, संबंधित सर्व कर्मचारी संघ सिविल अस्पताल की तरफ से किया गया।
स्वास्थ्य ठेका कर्मचारी यूनियन पंचकूला की अध्यक्ष रमा ने बताया कि कर्मचारियों के साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार किया गया है। इसे लेकर डीजी हेल्थ, पंचकूला की सीएमओ, पीएमओ से यूनियन ने मांग की है कि उन्हें जल्द बजट का प्रावधान कर रखा जाए। अस्पताल में ठेके पर लगाए 17 लेबोरेटरी टेक्नीशियन, दो ऑपरेशन टेक्नीशियन, 6 डाटा इंट्री आपरेटर, 10 एंबुलेंस ड्राइवर, 6 वार्ड ब्वॉय और दो स्टाफ नर्स को हटाया गया है। यूनियन ने मांग की है कि अगर इन्हें वापस नौकरी पर नहीं रखा गया तो जल्द ही धरना प्रदर्शन किया जाएगा।