पंचकूला। सीएनजी वाहन चालकों के लिए अच्छी खबर है। उन्हें अब सीएनजी भरवाने के लिए चंडीगढ़ और जीरकपुर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बहुत जल्द यह सुविधा शहर में मिलने वाली है। वाहन चालकों की परेशानी को खत्म करने के लिए सेक्टर-12ए, औद्योगिक क्षेत्र-1 और सेक्टर-16 के पेट्रोल पंप को सीएनजी से लैस किया जाएगा। इसके अलावा सिलिंडर के झंझट को खत्म करने के लिए पीएनजी की लाइन बिछाई जा रही है।
कर्मचारियों ने गैस पाइपलाइन की वेल्डिंग का काम पूरा कर लिया है। गैस पाइप लाइन बिछाने के बाद पेट्रोल पंपों पर सीएनजी गैस मिलनी शुरू हो जाएगी। इसके बाद घरों में पाइप के जरिए गैस पहुंचाने का काम शुरू किया जाएगा। शहर में घरेलू गैस सिलिंडर के झंझट से जल्द ही मुक्ति मिलेगी। गृहिणियों की रसोई तक पाइप के जरिए गैस पहुंचाने की योजना पर काम चल रहा है। नगर निगम की तरफ से मुख्य पाइप लाइन बिछाने के लिए इंडियन ऑयल अदानी गैस प्राइवेट लिमिटेड को परमिशन दी गई है। मुख्य पाइप लाइन बिछाने के बाद सेक्टरों में अलग लाइन बिछाकर व्यावसायिक, रिहायशी और औद्योगिक क्षेत्र में पाइपों के जरिए गैस सप्लाई शुरू हो जाएगी।
सिलिंडर बुकिंग के झंझट से मिलेगी मुक्ति
पाइप लाइन के जरिए रसोई में गैस पहुंचने से जहां सिलिंडर की बुकिंग कराने के झंझट से मुक्ति मिलेगी, वहीं सिलिंडर के फटने का खतरा भी कम होगा। इसके अलावा लोग जितनी गैस इस्तेमाल करेंगे उतना बिल उपभोक्ता के पास आएगा। साथ ही गैस सिलिंडरों के कारण होने वाले हादसों पर भी नियंत्रण लगेगा। पाइप लाइन के जरिए सप्लाई होने वाली गैस का मासिक बिल आएगा। इसके लिए बाकायदा मीटर लगेंगे।
गैस की सप्लाई के लिए सेंटर भी बनेगा। लाइनें बिछने के बाद उपभोक्ताओं को इसके लिए कनेक्शन देने शुरू किए जाएंगे। इंडियन ऑयल अदानी गैस प्राइवेट लिमिटेड को मुख्य लाइन बिछाने के लिए परमिशन दी गई है। मेयर कुलभूषण गोयल ने कंपनी को स्पष्ट हिदायत दी है कि वह पाइप लाइन बिछाने के बाद गड्ढों को तत्काल भर दे। कहीं से भी कोई शिकायत नहीं आनी चाहिए। मुख्य लाइन मौलीजागरां से सेक्टर-12, सेक्टर-14 और सिंहद्वार मनसा देवी कांप्लेक्स से सूरज सिनेमा पुराना पंचकूला तक बिछाई जाएगी।
शहर में लाइन बिछने के बाद मेन लाइन से मिलेगा कनेक्शन
सीएनजी वाहन मालिकों को भी लाभ मिलेगा। पंचकूला में सीएनजी पंप शुरू करने के लिए कई पेट्रोल पंपों पर मशीनें स्थापित कर दी गईं थीं, लेकिन लाइन को शहर की सड़क के साथ बिछाने के लिए फाइल को क्लियरेंस नहीं मिल रही थी। क्योंकि शहर का अंदरूनी क्षेत्र एचएसवीपी से निगम में ट्रांसफर हो चुकी है। अब निगम से एनओसी मिलने के बाद शहर के पेट्रोल पंपों को भी कनेक्शन मिल सकेगा। चंडीगढ़-कालका हाईवे से लाइन बद्दी जा रही है। इससे पंचकूला को कनेक्शन सेक्टर-6 के पास दिया जाना है। इसके लिए पहले पंचकूला से आगे की लाइन को क्लियर करना होगा। इसके बाद ही इसे पंचर किया जा सकता है। पहले शहर में लाइन डाली जाएगी। इसके बाद गेट बनाकर कनेक्शन दिया जाएगा।
सीएनजी चालकों का समय और पैसा बचेगा
पंपों के शुरू होने से गाड़ियां सीएनजी पर चलेंगी। शहर में सबसे ज्यादा प्रदूषण ऑटो करते हैं। ऐसे में सीएनजी ऑटो आने के बाद इन्हें बंद किया जा सकेगा। इससे प्रदूषण कम होगा। इसके अलावा गाड़ियों भी सीएनजी होंगी। मेयर कुलभूषण गोयल ने बताया कि शहरवासियों को सीएनजी और पीएनजी की सुविधा जल्द मिलेगी। कंपनी पाइप लाइन बिछाने का कार्य युद्धस्तर पर कर रही है। उम्मीद है कि कंपनी इस कार्य को जनवरी के अंत तक पूरा कर लेगी। इसके बाद वाहन चालकों को शहर के ही तीन पेट्रोल पंपों पर गैस की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। वहीं, वाहन चालकों को चंडीगढ़ और जीरकपुर के चक्कर लगाने से भी छुटकारा मिल जाएगा। इससे उनका समय और पैसा दोनों बचेगा।