पंचकूला के सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों को अब अच्छा और संतुलित आहार मिलेगा। हरियाणा शिक्षा विभाग बेशक गिरते परिणामों को लेकर कोई प्रयास न कर रहा हो, परंतु बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए विभाग की ओर पौष्टिक आहार देने के लिए बजट में बदलाव किया गया है। प्राथमिक स्कूल स्तर के स्टूडेंट को 3 रुपये 86 पैसे से बढ़ाकर 4 रुपये 94 पैसे, मिडिल स्तर के स्टूडेंट्स के लिए 5 रुपये 64 पैसे प्रति स्टूडेंट से बढ़ाकर 6 रुपये 44 पैसे कर दिया गया है। आने वाले दिनों में स्कूलों में बच्चों को मिड डे मील में अच्छा खाना दिया जाएगा। इस दौरान प्राथमिक स्कूलों के बच्चों के लिए बजट को 1 रुपये 02 पैसे और मिडिल स्तर के बच्चों के लिए 90 पैसे का इजाफा किया गया है।
बच्चों को दूध देने का भी प्रयास जारी
शिक्षा विभाग सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को मिड-डे मील के साथ 200 मिलीलीटर प्रति बच्चा दूध देने की तैयारियों में जुटा है। इसके लिए स्कूलों से गिलासों और दूध के लिए पतीले की डिमांड स्कूल वाइज मांगी है। शिक्षा विभाग के इस पत्र के बाद जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा भी जिले के करीब 80 मिडल स्कूलों और 276 प्राइमरी स्कूलों को ई-मेल के जरिये पत्र जारी कर दिया है।