पिंजौर। सोमवार दोपहर कौशल्या नदी पर हिमशिखा कॉलोनी के समीप बने पुल से मानसिक रूप से परेशान व्यक्ति ने नदी में छलांग लगा दी। गनीमत रही कि नदी में जिस जगह व्यक्ति गिरा वहां रेता, मिट्टी और झाड़ियां थीं। इस कारण उक्त व्यक्ति की जान बच गई परंतु वह जख्मी हो गया। व्यक्ति की पहचान लज्जाराम उम्र करीब 60 साल निवासी गांव कजियाणा के रूप में हुई है।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि लज्जाराम पुल से पैदल जा रहा था कि अचानक पुल के बीच में पहुंच कर उसने नदी में छलांग लगा दी। मौके पर लोगों ने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक कैंटर की सहायता से उस व्यक्ति को निकाला। पुलिस ने घायल व्यक्ति को सेक्टर-6 के सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।