माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। पंचकूला सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन की पूर्व थल सेनाध्यक्ष वीपी मलिक की अध्यक्षता में सेक्टर-6 में स्टिल्ट प्लस फोर को लेकर बैठक हुई। इसमें सेक्टर -2, 4, 9, 11, 12, 15, 25 और एमडीसी-6 के पदाधिकारियों ने भाग लिया। मीटिंग में शहर में बन रही स्टिल्ट प्लस फोर इमारतों के पड़ोस के मकानों को नुकसान पहुंच रहा है। इसे लेकर लोगों में झगड़े लगातार बढ़ते जा रहे हैं। लोग भी झगड़े के कारण पुलिस स्टेशन सहित विभागों में शिकायत कर रहे हैं।
इसके बाद इस पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। पंचकूला के लोगों ने ग्राम एवं नगर आयोजना विभाग, हरियाणा को शिकायतें दर्ज की तो हरियाणा सरकार द्वारा चार सदस्यों की एक विशेषज्ञता-कमेटी का गठन किया, जिसने 30 जून 2023 को अपनी रिपोर्ट भी सरकार को भेज दी। अभी तक हरियाणा सरकार इस विषय पर चुप्पी साधे बैठे हैं। दूसरी तरफ सिटीजंस वेलफेयर एसोसिएशन पंचकूला के सदस्यों ने भी अपनी असहमति प्रकट कर प्रतिक्रिया दी है कि यह एक दिखावा किया गया है जबकि आम जनता के हित के लिए कोई विचार न करते हुए अथवा उनके सुरक्षा व सहमति को ध्यान में नहीं रखते हुए अपनी नियत के अनुसार बिल्डरों के हितों का ध्यान करते रहे। उन्होंने कहा कि अब लोगों को इस पर राहत नहीं मिलने पर कोर्ट जाना पड़ेगा।
पूर्व थलसेनाध्यक्ष ने मीटिंग के दौरान कहा कि शहर में बसे हुए निवासियों ने पंचकूला के मास्टर-प्लान और बिल्डिंग-कोड को मद्देनजर रखते हुए उनकी शर्तों के अनुसार अपने घरों को बनाया और वही सरकार द्वारा उनको आधारभूत-संरचना उपलब्ध कराते हुए पंचकूला शहर को बसाया गया है । लेकिन अब यह बहुत दुखद है कि हरियाणा सरकार द्वारा मास्टर-प्लानिंग में अपने किए हुए एग्रीमेंट्स को ही झुठला दिया। मीटिंग के दौरान पंचकूला सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान एसके नैय्यर, महासचिव सुनील जैन,सचिव भगवान दास मित्तल, कर्नल एसके दत्ता, सहित अन्य लोग मौजूद रहे।