माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। शहर के सेक्टर -15 में 22 दिन से रेगुलर पानी की सप्लाई नहीं हो रही थी। इस कारण लोगों ने सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम करने के साथ ही शहर के लोगों ने जमकर नारेबाजी की। लोगों ने ट्यूबवेल ठीक नहीं होने पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। बढ़ते जाम को देखते हुए एचएसवीपी के तैनात कर्मचारी ड्यूटी छोड़कर भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को जल्द पानी आने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया है।
शहर के सेक्टर -15 में 22 दिन से ट्यूबवेल खराब हैं। इस कारण पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। वहीं शुक्रवार को औद्योगिक एरिया फेज-1 स्थित वाटर वर्क्स में खराबी आने के कारण मोटर ने पानी नहीं उठाया। इस कारण सप्लाई सेक्टर -15 में पूरी तरह से बाधित हो गई। इसके बाद लोगों ने दिनभर टैंकर मंगाकर पानी से काम चलाया। इसके बाद शुक्रवार को शाम 6 बजे पानी की सप्लाई नहीं होने के कारण लोगों रोष करते हुए इकट्ठा हुए। उन्होंने ट्यूबवेल के सामने जाम लगा दिया। दो घंटे जाम के बाद पुलिस को सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाया। इसके बाद उन्होंने पानी की सप्लाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
20 दिन से पानी नहीं आ रहा
सेक्टर में ट्यूबवेल हमेशा खराब रहते हैं। इस कारण पानी की सप्लाई बाधित रहती है। बीस दिन से पानी नहीं आ रहा है। इस कारण टैंकर मंगाकर काम चला रहे हैं। इसके लिए कई बार एचएसवीपी के अधिकारियों को शिकायत दी। इसके बाद भी वह मौके पर नहीं पहुंचे हैं। राजीव शर्मा निवासी सेक्टर -15
शाम को रोजाना सप्लाई रहती है बाधित
शाम के समय रोजाना चार दिन से पानी की सप्लाई बाधित रहती है। इसके लिए कई बार एचएसवीपी को कहा गया है। इसके बाद इस शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हुई है। पानी की सप्लाई ठीक नहीं होने से घर में पानी नहीं रहता है। इस कारण टैंकर मंगवाना पड़ रहा है। कृष्णलाल निवासी सेक्टर -15
पांच दिन से पानी नहीं आने पर टैंकर मंगा रहे
पांच दिन से पानी नहीं आ रहा है। इस कारण पानी के टैंकर मंगा रहे हैं। पानी के टैंकर मंगाने में रोजाना 800 रुपये तक का खर्च आ रहा है। एचएसवीपी को इससे अवगत कराने के बाद कोई सुनवाई नहीं हुई है। - राजकुमार निवासी सेक्टर -15
20 दिनों से बनी है पानी की किल्लत
शहर में 20 दिनों से पानी की किल्लत बनी हुई है। सेक्टर में लगातार ऐसे हालात बने हुए हैं। एचएसवीपी को इस समस्या से अवगत कराने पर केवल आश्वासन ही दिया गया। इसका हल नहीं निकाले जाने से परेशानी हो रही है। -जनकराज गुप्ता, सेक्टर -15
पानी की सप्लाई जल्द ही सही तरीके से शुरू कराई जाएगी। ट्यूबवेल की मोटर को भी जल्द ठीक कराया जाएगा। इसके लिए विभाग की ओर से काम किया जा रहा है। पानी की सप्लाई जल्द ही समय से शुरू होगी। - एनके पायल, एसडीओ, एचएसवीपी