ड्रेनेज सिस्टम ठप, मार्केट में अतिक्रमण, नाले में गंदगी और टूटी हुई स्ट्रीट लाइट। यह हाल है शहर के वार्ड नंबर-9 के सेक्टर-7 का। यहां के रेजिडेंट्स इन समस्याओं की वजह से काफी परेशान हैं। सेक्टर की मार्केट हो या गली, सभी जगह ड्रेनेज सिस्टम ब्लॉक है। ड्रेनेज सिस्टम ब्लॉक होने से गलियों में जलभराव की स्थिति बनी रहती है। लोगों का कहना है कि हुडा ने यदि ड्रेनेज सिस्टम की सफाई नहीं करवाई तो हाल ही में बनी सड़के भी टूट जाएंगी। मानसून का मौसम शुरू होने वाला है और यहां के ठप ड्रेनेज सिस्टम से लोगों को घरों में पानी के घुसने का डर भी सता रहा है। सेक्टर-7 स्थित मंदिर के पीछे बारिश का नाला गुजर रहा है, जहां अक्सर गंदगी फैली रहती है।
अतिक्रमण से लगता है जाम
सेक्टर-7 की मार्केट में अतिक्रमण के कारण अकसर जाम की स्थिति रहती है। यहां की पूरी मार्केट में रेहड़ी-फड़ी वालों ने अवैध कब्जे किए हुए हैं। शाम के वक्त यहां फास्ट फूड के 50 से भी अधिक स्टाल लग जाते हैं। इससे मार्केट से गुजरने वाले वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ता है। हुडा विभाग की ओर से इन रेहड़ी-फड़ी वालों और फास्ट फूड स्टाल को हटाया जा चुका है, लेकिन कुछ समय बाद फिर यह मार्केट की पार्किंग में अपना कब्जा कर लेते हैं।
सेक्टर 7 की मार्केट में स्ट्रीट लाइट की कोई व्यवस्था नहीं है। शाम होते ही मार्केट में अंधेरा छा जाता है। जो लाइट लगी हैं वह भी टूटी हुई हैं और कुछ लाइट जलती ही नहीं हैं। इसके लिए कई बार नगर निगम को शिकायत कर चुके है, लेकिन समाधान नहीं निकला।
हिमांशु, दुकानदार
यहां आवारा पशुओं के कारण कई हादसे हो चुके हैं। कूड़ेदान के पास हमेशा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। इसके अलावा स्ट्रे डॉग्स की समस्या भी मुख्य है। इस ओर नगर निगम को ध्यान देना चाहिए।
दीप कृष्ण चौहान, दुकानदार
हुडा की ओर से कई ड्रेनेज सिस्टम की सफाई करवाई गई, लेकिन सफाई कर्मचारी कचरा वहीं पर छोड़कर चले गए। इससे एक बारिश के बाद पानी के बहाव से कचरा वापस ड्रेनेज सिस्टम में चला जाएगा। जिससे जलभराव की समस्या पैदा होगी।
तरसेम गर्ग, सेक्टरवासी
कई जगह सीवरेज के गटर खुले हैं। जिनसे बदबू फैल ही रही है। बदबू के कारण दुकानदारों का दुकान में बैठना मुश्किल हो गया है। रात के अंधेरे में यह गटर नजर नहीं आते और हादसा होते हैं।
संजीव कुमार, सेक्टरवासी
हमारा घर गली के किनारे पर है। घर के पास खाली जगह पर 20 से 30 रेहड़ियां हमेशा खड़ी रहती हैं। इन्हें हटाने के लिए कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
नुकुल, सेक्टरवासी