अध्यापकों ने सब्जी बेचकर मांगे नियुक्ति पत्र
- फोटो : अमर उजाला
महापड़ाव के 33वें दिन जिला रोहतक के चयनित जेबीटी अध्यापकों ने पंचकूला सेक्टर-5 धरना स्थल पर सब्जी बेचकर नियुक्ति पत्र की मांग की। रोहतक जिला प्रधान श्रीभगवान डांगी के नेतृत्व में चयनित जेबीटी अध्यापकों ने हुड्डा ग्राउंड में लगने वाली सब्जी मंडी में सब्जियां बेचीं। गौरतलब है कि इन चयनित जेबीटी अध्यापकों का धरना प्रदर्शन पिछले एक महीने से जारी है। इनका कहना है कि जब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिलेगी धरना जारी रहेगा। पात्र अध्यापक संघ के उपाध्यक्ष प्रेम अहलावत ने बताया कि इनके आर्थिक हालात बहुत अधिक खराब हो चुके हैं। जिसके कारण इन चयनित जेबीटी अध्यापकों को सब्जी बेचकर अपना और अपने परिवार का पेट भरना पड़ रहा है। वीरवार को रोहतक जिले के चयनित जेबीटी अध्यापकों ने पंचकूला सेक्टर-5 के हुड्डा पार्क में सब्जी बेचकर रोष जताया और सरकार से नियुक्ति पत्र की मांग की।