चंडीगढ़। पंजाब में कांग्रेस की चरणजीत सिंह चन्नी सरकार के कार्यकाल के दौरान बसों की खरीद में कथित घोटाले की जांच कराई जाएगी। यह एलान सोमवार को प्रदेश के परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने किया। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान चन्नी सरकार में परिवहन मंत्री रहे राजा वड़िंग से भी पूछताछ हो सकती है।
गौरतलब है कि राजा वड़िंग ने अपने कार्यकाल के दौरान यह कहा था कि बीते 14.5 साल के दौरान 6600 करोड़ रुपये का नुकसान परिवहन विभाग को हुआ है। उन्होंने इस नुकसान की जांच के लिए एसआईटी के गठन का भी एलान किया था, लेकिन जांच शुरू नहीं हो सकी। राजा वड़िंग ने इस घोटाले को इतना बड़ा बताया था कि इससे 24000 नई बसें खरीदी जा सकती थीं और इन बसों के लिए ड्राइवर और कंडक्टरों की भर्ती भी की जा सकती थी।