चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आजादी का अमृत महोत्सव को भारत के जन-जन और हर मन का पर्व बनाने का आह्वान किया। इसके मद्देनजर हरियाणा में व्यापक स्तर पर जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को आजादी का अमृत महोत्सव के तहत प्रदेश स्तर पर चल रहे विभिन्न कार्यक्रमों व गतिविधियों के सफल आयोजन के संबंध में आयोजित बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि आजादी का अमृत महोत्सव मनाने के लिए मुख्य सचिव हरियाणा की अध्यक्षता में गठित एक उच्च स्तरीय कमेटी की तरह ही उनकी यानी मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में भी एक अन्य आयोजन समिति गठित की जाए। प्रदेश स्तर पर यह कार्यक्रम 15 अगस्त 2023 तक आयोजित किए जाएंगे। अमृत महोत्सव के कार्यक्रम भारत विजन-2047 की तर्ज पर हरियाणा विजन-2047 के अनुरूप आयोजित किए जाएं। इन कार्यक्रमों के आयोजन ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों के साथ स्कूल, कॉलेज व विश्वविद्यालयों केे विद्यार्थियों, महिलाओं, किसानों, कामगारों आदि सभी की भागीदारिता के साथ सुनिश्चित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि भारत की आजादी में हरियाणा के वीरों का उल्लेखनीय योगदान रहा था और अनेक स्थान इसके साक्षी बने थे। इन सभी स्थानों को चिन्हित कर वहां पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। आजादी की लड़ाई में जिन परिवारों का योगदान रहा, उस परिवार के सदस्यों को सम्मानित किया जाए। उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश के सभी 6900 गांवों में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिसमें प्रदेश के लोक कलाकारों, स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थियों की भागाीदारी की जाए। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने अमृत महोत्सव के आयोजन पर आधारित प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी कि विभिन्न विभागों द्वारा अब तक 485 कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इसी प्रकार 5 प्रमुख विषयों-स्वतंत्रता संग्राम, विजेता, उपलब्धियां, विचार व संकल्प के साथ जनभागीदारी पर करीब 1500 कार्यक्रम और आयोजित किए जाएंगे।