पंचकूला। महाराजा अग्रसेन जयंती उत्सव की कड़ी में रविवार को जयंती समारोह एवं अग्रवाल छात्रों के सम्मान समारोह का अग्रवाल भवन में आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता रहे, जबकि अध्यक्षता मेयर कुलभूषण गोयल ने की। गो सेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण गर्ग विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम में ज्ञानचंद गुप्ता और कुलभूषण गोयल ने अग्रवाल भवन के नवीनीकरण के बाद नए भवन का शुभारंभ किया।
अग्रवाल समाज के बच्चों और महिलाओं ने महाराजा अग्रसेन एवं देशभक्ति कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि समस्त अग्रवाल समाज द्वारा जो आयोजन किया गया वह मेरे सपने का सच होने जैसा है। मेयर कुलभूषण गोयल ने कहा कि यह आयोजन स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने सभी संस्थाओं को साधुवाद दिया। चेयरमैन श्रवण गर्ग ने लोगों से महाराजा अग्रसेन के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया। संयोजक अमित जिंदल ने सभी अतिथियों का स्वागत कर पिछले एक साल में अग्रवाल सभा की तरफ से किए गए कामों का ब्योरा पेश किया। समारोह में कुसुम कुमार गुप्ता, सत प्रकाश अग्रवाल, विजय अग्रवाल, जगमोहन गर्ग, राकेश अग्रवाल, अशोक जिंदल, तेजपाल गुप्ता, सतनारायण गुप्ता, नितिन अग्रवाल, सुरेंद्र गोयल, भगवान दास मित्तल, संजय जैन, बृजलाल गर्ग, कैलाश मित्तल, विजय बंसल, सीबी गोयल, डॉ. नरेश मित्तल एवं चंडीगढ़, पिंजौर, कालका, रायपुररानी से अग्रवाल बंधु मौजूद थे।
प्रतिभावान युवा सम्मानित
समस्त अग्रवाल समाज द्वारा प्रतिभावान युवाओं को सम्मानित किया गया। पंचकूला से यूपीएससी में 69वां स्थान पाने वाली अक्षिता गुप्ता, 74वां स्थान पाने वाले आयुष गुप्ता को सम्मानित किया। सामाजिक सेवाओं के लिए तीन लोगों खेतपाल गुप्ता, बाल कृष्ण बंसल और प्रेम चंद गुप्ता को मरणोपरांत अग्र सम्मान से सम्मानित किया गया। इसके अलावा पढ़ाई, खेल में अग्रवाल समाज और पंचकूला का नाम रोशन करने वालों को सम्मानित किया। इस मौके पर अग्रवाल भवन सेक्टर-16 के नवीनीकरण में सहयोग देने वाले महानुभावों जगमोहन गर्ग, विजय अग्रवाल, जयपाल जैन, मनोज, विनय लोहरीवाला, लक्ष्मी निवास महेश्वरी को सम्मानित किया।