पंचकूला। महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं हरियाणा डॉ. वीना सिंह ने विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई सिविल अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला में राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह का शुभारंभ किया। यह सप्ताह 21 नवंबर तक मनाया जाएगा। इस मौके पर सीएमओ डॉ. मुक्ता कुमार, डॉ. सिमी उप निदेशक एनएचएम, डॉ. सुवीर सक्सेना पीएमओ सिविल अस्पताल सेक्टर-6 और डॉ. मीनू सासन जिला टीकाकरण अधिकारी, पंचकूला भी उपस्थित थे। डॉ. वीना सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह का उद्देश्य शिशु मृत्यु दर को कम करना है। हरियाणा के आईएमआर में पिछले वर्ष में 3 अंक की कमी दर्ज की गई है जो 1000 पर 30 से घट कर 27 हो गई है, जो एक सकारात्मक प्रवृति को दर्शाता है।
इस अवसर पर महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं ने एसएनसीयू वार्ड में मौजूद नवजात शिशुओं के साथ प्रसवोत्तर जांच के लिए आई हुई माताओं से बातचीत की। उन्होंने माताओं को अपने शिशुओं को सभी टीकों के लिए और एक नई न्यूमोकोकल वैक्सीन के लिए क्रमश: 1 महीने, 3.5 महीने और 9 महीने की उम्र में टीका लगाने के लिए प्रोत्साहित किया। सीएमओ डॉ. मुक्ता ने नवजात शिशु की देखभाल, बच्चों और माताओं को सही पोषण, माताओं को खतरे के संकेत (जैसे अपर्याप्त भोजन, बुखार, हाईपोथर्मिया) के बारे में बताया। उन्होंने माताओं को नवजात शिशु को पहले 24 घंटे में और 28 दिनों तक विशेष स्वास्थ्य की ओर ध्यान देने के बारे में प्रेरित किया।