संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। देर रात ओल्ड पंचकूला ट्रैफिक लाइट के समीप दो कारों में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। इसमें दोनों चालकों समेत तीन लोगों को मामृूली चोटें आई। सभी घायलों को सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को छुट्टी दे दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों वाहनों को थाने लेकर गई। वहां दोनों वाहन चालकों में समझौता हो गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे आई-20 कार सवार जीरकपुर से पिंजौर की तरफ जा रहे थे। उसी दौरान एमडीसी की तरफ से टाटा हेक्सा गाड़ी सवार जीरकपुर की तरफ जा रहा था। जब दोनों गाड़ियां ओल्ड पंचकूला ट्रैफिक लाइट के पास पहुंचीं तो हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गाड़ियों के एयर बैग खुल गए। इस कारण वाहनों में सवार लोगों को मामूली चोटें पहुंची। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी।