संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। हाउसिंग बोर्ड के सामने चोरों ने एक दुकान का शटर तोड़कर डेढ़ लाख रुपये की नकदी और डेढ़ लाख की टोंटी चोरी कर ली। चोरों ने तीन अन्य दुकानों का शटर तोड़ने का प्रयास किया। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है।
पार्षद कपिल घई ने बताया कि उनकी दुकान बाईपास पर है। एक दुकान कालका-पिंजौर रोड पर हाउसिंग बोर्ड के सामने भी है। उनकी कालका वाली दुकान पर नौकर बैठता है। रोजाना की तरह शुक्रवार रात करीब 8 बजे उनका नौकर दुकान बंद करके घर चला गया। शनिवार सुबह करीब 7 बजे साथ की दुकान पर काम करने वाले एक व्यक्ति ने फोन कर बताया कि उनकी दुकान का शटर टूटा हुआ है।
इसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंच कर देखा कि दुकान के शटर को रॉड से उठाया गया था। चोर उनकी दुकान में रखे करीब डेढ़ लाख रुपए नकद और करीब डेढ़ लाख के कीमती नलके चोरी कर ले गए। उन्होंने कहा कि उनकी दुकान के साथ ही एक गद्दे की दुकान है। चोरों ने उस दुकान समेत ऊपर बनी दो अन्य दुकानों का भी शटर रॉड से उठाकर चोरी का प्रयास किया है। घई ने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।