पंचकूला। सेक्टर-तीन के ताऊ देवी लाल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में आज से शुरू होकर 13 जून तक होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2021 के दौरान इंतजाम और सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक समीक्षा बैठक की गई। इस बैठक की अध्यक्षता करते हुए गृह मंत्री अनिल विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेम्स के दौरान सभी इंतजाम पूरे रखे जाएं, सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। गृह मंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया गेम्स में 25 खेलोें में पूरे देश से करीब 8500 खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे।
उन्होंने कहा कि महिला पुलिस की तैनाती के साथ-साथ महिला स्वास्थ्य कर्मियों की भी तैनाती की जाए, जिससे खेलों में हिस्सा लेने वाली युवा खिलाड़ियों को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं दूसरे राज्य से आने वाले खिलाड़ियों और स्टॉफ को डॉय-112 की जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम के चारों तरफ डायल-112 की होर्डिंग भी लगाई जाएं, ताकि दूसरे राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों और स्टाफ को अगर किसी प्रकार की समस्या होती है तो वे हेल्पलाइन डायल-112 पर संपर्क कर सकते हैं।
हरियाणा के लिए गर्व की बात
गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि खेलो इंडिया गेम्स पंचकूला के साथ-साथ चंडीगढ़, अंबाला, शाहबाद और दिल्ली में भी आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले खिलाड़ियों और कोच सभी की सुरक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है। यह हरियाणा के लिए बड़े गर्व की बात है कि इतने बड़े खेलों का आयोजन करने का अवसर हरियाणा को मिल रहा है।
मुख्य प्वाइंटों का किया निरीक्षण
गृह मंत्री अनिल विज ने गृह सचिव राजीव अरोड़ा और पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल के साथ स्टेडियम के मुख्य मंच सहित अन्य प्वाइंटों का निरीक्षण किया और बाद में उन्होंने डायल-112 मुख्यालय में पुलिस के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर खेलो इंडिया गेम्स को लेकर किए गए सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा भी की। इस बैठक में एडीजीपी एएस चावला, पुलिस आयुक्त पंचकूला डॉ. हनीफ कुरैशी, पुलिस उपायुक्त सुरेंद्र पाल सिंह सहित पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौजूद रहे।