पिंजौर। डीएलएफ कॉलोनी में शादी में गए परिवार के घर से चोर रुपये व ज्वैलरी चुराकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता सतीश कुमार निवासी डीएलएफ कॉलोनी ने बताया कि वह कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहा है। विगत महीने वह अपने परिवार सहित अपने रिश्तेदार की शादी में फतेहाबाद गया हुआ था।
2 फरवरी को शाम साढ़े 6 बजे जब वह वापस अपने घर डीएलएफ कॉलोनी में घर में पहुंचा तो उसने देखा कि उसकी पत्नी के कान के झुमके का टूटा हुआ हिस्सा फर्श पर पड़ा था जिससे उन्हें शक हुआ। जब उन्होंने घर के सामान को देखा तो पता चला कि उनके गहनों का बॉक्स बेड पर खुला पड़ा हुआ था और उसके रखी ज्वैलरी जिसमें मंगल सूत्र, झुमके चांदी की पायल, हथफूल गायब थे। इसके अलावा उसकी अलमारी में रखी 40 हजार रुपये की नगदी भी गायब थी।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को गुहार लगाई कि उसके घर में चोरी की वारदात देने वाले आज्ञात चोरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा उसने पुलिस से मांग करते हुए कहा कि डीएलएफ कॉलोनी में उसने घर परिवार और खुद की सुरक्षा के लिए लिया था जिसके लिए वह सुरक्षा और मैंटेनेंस के एवज में पैसे भी देता आ रहा है इसलिए डीएलएफ और आईएलएल कंपनी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।