चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल की वरिष्ठ नेता और बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने रविवार को कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों से किए गए वादों से मुकरना एनडीए सरकार को शोभा नहीं देता है। उन्होंने केंद्र सरकार से किसानों के मुद्दों का शीघ्र समाधान करने की अपील की है।बजट सत्र से पहले बुलाई गई ऑल पार्टी बैठक में भाग लेते हुए हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने किसानों से वादा किया, लेकिन बावजूद किसान आज संघर्ष करने में मजबूर हैं। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी गारंटी बनाने सहित किसानोें के सभी मुद्दों का समाधान किया जाना चाहिए।
बठिंडा की सांसद ने देश में अल्पसंख्यक समुदाय पर बढ़ते भेदभाव और यहां तक उन पर हमलों की भी बात की है। उन्होंने कहा कि यह बेहद चिंताजनक है कि उत्तर प्रदेश पुलिस अल्पसंख्यक समुदायों के सदस्यों को दुकानों और भोजनालयों पर अपनी नेम प्लेट लगाने के लिए मजबूर कर रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान होगा। इसी तरह राजस्थान में अमृतधारी सिख महिलाओं को न्यायिक पेपर के लिए परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने से रोक दिया गया, जो उनके धर्म का पालन करने के मौलिक अधिकार का स्पष्ट उल्लंघन है।
श्री गंगानगर में एक गुरुद्वारे के प्रमुख के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत केवल इसीलिए मामला दर्ज किया गया, क्योंकि गुरुद्वारा प्रमुख किसी ऐसे व्यक्ति के खिलाफ बोल रहे थे, जो गुरुद्वारों को तबाह करने का आह्वान कर रहा था। हरसिमरत कौर ने पंजाब में ड्रग्स की तस्करी और नशे की लत में तेजी से हो रही बढ़ोतरी पर कहा कि पाकिस्तान से नशीली दवाओं को हवाई मार्ग से गिराने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के कार्यकाल में राज्य में राजनीतिक-पुलिस गठजोड़ के कारण स्थिति बेहद खराब हो गई है, जिसका लोगों पर असर पड़ रहा है और रोज ड्रग्स की ओवरडोज से मौतें हो रही हैं। हरसिमरत कौर ने पंजाब में नशीली दवाओं की तस्करी के साथ-साथ सीमा पास से होने वाली तस्करी पर रोक लगाने के लिए एक व्यापक पाॅलिसी बनाने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि किस तरह से पंजाब से लगातार नदियों का पानी छीना जा रहा है और अब सतलुज यमुना लिंक (एसवाईएल) नहर के जरिये पंजाब का पानी हरियाणा और दिल्ली को सौंपने की कोशिशें की जा रही हैं, यह बेहद निंदनीय है। कांग्रेस, भाजपा और आप समेत सभी राष्ट्रीय पार्टियों ने इस सब महत्वपूर्ण मुद्दों पर दोहरी पाॅलिसी बनाकर पंजाब का पक्ष कमजोर किया है। ये पार्टियां पंजाब में एसवाईएल नहर के निर्माण का विरोध करती हैं, लेकिन हरियाणा और दिल्ली में इसका समर्थन करती हैं। अगर नहर का निर्माण हुआ तो पंजाब रेगिस्तान बन जाएगा और इसका किसान समुदाय के साथ-साथ राज्य की अर्थव्यवस्था पर विनाशकारी प्रभाव पड़ेगा।
केंद्रीय प्रवर्तन एजेंसियों की कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि यह बेहद हैरान करने वाला है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिल्ली शराब मामले में कैसे गिरफ्तार किया गया, लेकिन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में भी शराब घोटाला हुआ है।