शहर में भाजपा के झंडे-बैनर नहीं हटाने पर सवाल, निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। नगर निगम चुनाव की घोषणा के बाद आचार संहिता के पालन को लेकर सियासत गरमा गई है। इंडियन नेशनल लोकदल के जिला अध्यक्ष (शहरी) मनोज अग्रवाल ने भाजपा पर आचार संहिता उल्लंघन के आरोप लगाए हैं।
अग्रवाल ने कहा कि चुनाव घोषित हुए 36 घंटे से अधिक समय बीत चुका है और आचार संहिता लागू हो चुकी है, इसके बावजूद शहर के विभिन्न चौराहों, सेक्टरों की डिवाइडिंग सड़कों और बाजारों में भारतीय जनता पार्टी के झंडे, बैनर और होर्डिंग अब भी लगे हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के कटआउट भी नहीं हटाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव की घोषणा होते ही नगर निगम अधिकारियों को सभी राजनीतिक दलों के पोस्टर, बैनर और झंडे सार्वजनिक स्थलों से हटाने चाहिए थे, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उनका आरोप है कि यह सब सरकार के दबाव में हो रहा है, जिससे नियमों का उल्लंघन हो रहा है।
इनेलो जिलाध्यक्ष ने मांग की है कि संबंधित अधिकारी निष्पक्षता बरतते हुए आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को राज्य चुनाव आयुक्त से मिलकर इस मामले की शिकायत करेगा। साथ ही चेतावनी दी कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी इस मुद्दे को और जोर-शोर से उठाएगी।
This chat is nearing its limit
Each chat has limited space for messages. Start a new chat to keep responses accurate, or upgrade for increased memory.