अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब पुलिस का युद्ध नशे विरुद्ध अभियान जारी है। पंजाब पुलिस ने 1 मार्च 2025 से अब तक चार महीने के अंदर 12,135 एफआईआर दर्ज की हैं और 19,880 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर 786 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।
स्पेशल डीजीपी कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने बताया कि 786 किलो हेरोइन के अलावा पुलिस टीमों ने 301 किलो अफीम, 158 क्विंटल भुक्की, 11 किलो चरस, 300 किलो गांजा, 2.9 किलो आईसीई, 27.99 लाख नशीली गोलियां, कैप्सूल और 11.58 करोड़ रुपये की ड्रग मनी भी जब्त की है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को पंजाब पुलिस ने 128 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 4.1 किलो हेरोइन, 3.5 किलो अफीम, 10 किलो भुक्की, 13,667 नशीली गोलियां और 1.25 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। 200 से ज्यादा पुलिस टीमों ने राज्यभर में 418 स्थानों पर रेड की। इसके दौरान राज्य में 92 एफआईआर दर्ज की गईं। दिन भर चले इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने 428 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की। साथ ही 76 व्यक्तियों को नशा छोड़ने और पुनर्वास केंद्रों पर इलाज करवाने के लिए राजी किया गया है।