चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने वीरवार को तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों में फेरबदल किया। इनमें सबसे अहम बदलाव 1993 बैच के आईएएस और पूर्व मुख्य सचिव अनुराग वर्मा का है। वर्मा को अतिरिक्त मुख्य सचिव, वित्तीय आयुक्त, राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन के पद से हटाकर अतिरिक्त मुख्य सचिव, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग लगाया गया है। उन्हें परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
वर्मा का तबादला ऐसे समय हुआ है जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) मोहाली के सनटेक सिटी और एल्टस स्पेस बिल्डर्स से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग और सीएलयू (चेंज ऑफ लैंड यूज) अनियमितताओं की जांच कर रहा है। वर्मा उस अवधि में आवास एवं शहरी विकास विभाग के प्रमुख थे। इसी सिलसिले में नौ सितंबर को जालंधर स्थित ईडी कार्यालय में उनसे करीब आठ से 10 घंटे पूछताछ हुई और उनका बयान दर्ज किया गया।
जांच के दौरान सनटेक सिटी परियोजना के लिए सीएलयू मंजूरी, स्वीकृत लेआउट में कथित बदलाव और 15 भू-मालिकों की कथित फर्जी सहमति से जुड़े पहलुओं की पड़ताल ईडी कर रही है।
वर्मा की जगह 1995 बैच की आईएएस जसप्रीत तलवार को अतिरिक्त मुख्य सचिव, वित्तीय आयुक्त, राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन बनाया गया है। तलवार खनन एवं भू-विज्ञान और न्याय विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी संभालती रहेंगी। वहीं 2004 बैच के अर्शदीप सिंह थिंद को कृषि विभाग से हटाकर प्रशासनिक सचिव, ग्रामीण विकास एवं पंचायत विभाग लगाया गया है। उन्हें योजना विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है जबकि बागवानी विभाग उनके पास बना रहेगा।