चंडीगढ़। पंजाब के निजी स्कूलों के फीस मामले के हाईकोर्ट के सिंगल बेंच के फैसले के खिलाफ डबल बेंच में दायर अपील पर सोमवार को सुनवाई हुई। कुछ देर सुनवाई के बाद जस्टिस आर. के. जैन एवं जस्टिस अशोक कुमार वर्मा की खंडपीठ ने सुनवाई मंगलवार तक स्थगित कर दी है। साथ ही अपील दायर करने वालों से मामले में कुछ और जानकारियां मांगी हैं।
सिंगल बेंच के फैसले के खिलाफ अभिभावकों सहित अब पंजाब सरकार भी अपील दायर कर चुकी है। अभिभावकों की ओर से कहा गया है कि सिंगल बेंच ने 30 जून को जो फैसला सुनाया है, वह एकतरफा फैसला है। इस फैसले से सिर्फ निजी स्कूलों को ही राहत मिली है, लेकिन अभिभावकों को कोई भी राहत नहीं दी गई है। जबकि लॉकडाउन से बड़ी संख्या में अभिभावकों की आय प्रभावित हुई है। कई अभिभावकों की नौकरियां जा चुकी हैं या वेतन में कटौती हुई है और व्यवसाय में नुकसान हुआ है। ऐसे में इस मामले में अभिभावकों को भी राहत दी जानी चाहिए थी। लिहाजा सिंगल बेंच के इस फैसले को रद्द किए जाने की हाईकोर्ट से अभिभावकों ने मांग की है।