बरवाला। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोट से कोविड टीकाकरण के छठे चरण के तहत 12 से 14 वर्ष की आयु के बच्चों के कोर्बेवैक्स टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने 60 बच्चों को कोर्बेवैक्स की पहली डोज दी गई। वहीं, टीकाकरण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा वर्कर्स और नर्सिंग स्टाफ को सम्मानित किया गया।
राज्यपाल दत्तात्रेय ने कहा कि डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, आशा वर्कर और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत और प्रतिबद्धता से ही देश और प्रदेश में सभी टीकाकरण अभियान सफल हो पाए हैं। आज के समय में गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण बेहद जरूरी है। भारत में पहले भी पोलियो-रोधी टीकाकरण व अन्य टीकाकरण अभियान शत प्रतिशत सफल रहे हैं। उन्होंने डॉक्टरों, स्वास्थ्य कर्मचारियों से अपील की है कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण की गति को बढ़ाएं और सुनिश्चित करें कि सभी गर्भवती माताओं और नवजात बच्चाें का शत प्रतिशत टीकाकरण हो। इससे स्वस्थ भारत का निर्माण होगा।
25 हजार बच्चों के टीकाकरण का है लक्ष्य
सिविल सर्जन डॉ. मुक्ता कुमार ने बताया कि टीकाकरण अभियान के अंतर्गत जिले में 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 25 हजार बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। 28 दिन के अंतराल पर दूसरी डोज लगाई जाएगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव अरोड़ा और उपायुक्त महावीर कौशिक, पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा, अतिरिक्त उपायुक्त आयुष सिन्हा, डिप्टी सिविल सर्जन मीनू सासन, डॉ. विकास गुप्ता, डॉ. स्नेह, आशा वर्कर व नर्सिंग स्टाफ सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।