चंडीगढ़। हरियाणा ने पंजाब को 31-15 से मात देकर 30वीं नेशनल सर्किल कबड्डी चैंपियनशिप का खिताब जीत लिया। पंजाब यूनिवर्सिटी में चल रही प्रतियोगिता के आखिरी दिन हरियाणा और पंजाब के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। फाइनल में दोनों ही टीमें पूरी तैयारी केसाथ मैदान पर उतरीं। हरियाणा के खिलाड़ियाें ने शुरुआत से ही मैच पर बढ़त बनाए रखी। हॉफ टाइम तक स्कोर 24-12 रहा। इसके बाद भी हरियाणा ने अपनी बढ़त कायम रखी और अंत में मैच अपने नाम किया।
वहीं, दूसरी ओर लड़कियों के मुकाबले में हरियाणा और पंजाब के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। मैच हॉफ टाइम तक 14-11 के स्कोर पर रहा। आखिरी में हरियाणा ने यह मैच 26-22 से अपने नाम किया। सोमवार को पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पंजाब के पूर्व डीजीपी चंद्रशेखर (आईपीएस), द एमेच्योर सर्किल कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव जेपी शर्मा की मौजूदगी में टीमों को इनाम देकर सम्मानित किया गया।
इन राज्यों की टीमों ने लिया हिस्सा
पंजाब यूनिवर्सिटी में आयोजित सर्किल कबड्डी प्रतियोगिता में पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पुड्डूचेरी, छत्तीसगढ़, झारखंड, असम, वेस्ट बंगाल, केरल, तेलंगाना, त्रिपुरा और ओडिशा की टीमों ने हिस्सा लिया।