चंडीगढ़। सेक्टर 48 स्थित हॉस्पिटल के उद्घाटन होने के सात महीने बाद सोमवार को शुरू हो गया है। हॉस्पिटल में कई मरीजों को शिफ्ट कर दिया गया है। हालांकि, अब भी शिफ्टिंग का काफी काम बाकी है, जो अगले एक हफ्ते में पूरा किए जाने का दावा किया गया है। इस हॉस्पिटल में सेक्टर 32 स्थित मेडिकल कालेज के चार डिपार्टमेंट शिफ्ट किए जाने हैं। इनमें प्रमुख रूप से स्किन, ईएनटी, मनोचिकित्सक व रेडिएशन आंकोलॉजी डिपार्टमेंट शामिल हैं। इस दौरान मेडिकल कालेज के अधिकारियों ने दावा किया है कि अभी गंभीर मरीजों को सेक्टर 48 के हॉस्पिटल में शिफ्ट नहीं किया जाएगा।
100 बेड के हॉस्पिटल को सभी डिपार्टमेंट में बराबर-बराबर बांट दिए जाएंगे, जो जगह मेडिकल कालेज में खाली होगी, उसे एमसीआई गाइडलाइंस के मुताबिक भरा जाएगा। इस बात की पूरी संभावना है कि मेडिकल कालेज में जो बेड खाली हुए हैं, उनमें गाइनेकोलाजी और कार्डियोलाजी का एक्सटेंशन होना है।
अभी ओपीडी जीएमसीएच 32 में होगी
बताया जा रहा है कि अभी ओपीडी में मेडिकल कालेज से ही संचालित होंगी। ओपीडी के लिए वहां पर जगह नहीं है। ओपीडी चलाने के लिए कई और रूम की जरूरत पड़ेगी और इस हास्पिटल में फिलहाल जगह नहीं है। यदि किसी ओपीडी के मरीज की शिफ्टिंग की जरूरत पड़ेगी तो उस मरीज को ट्रांसपोर्ट की सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। दूसरी तरफ नए हास्पिटल में आपरेशन थियेटर अभी तैयार नहीं हो पाए हैं।
मरीजों को आईं दिक्कतें
शिफ्टिंग के दौरान कई मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। इस दौरान कई मरीज हाथ में ही ग्लूकोज ड्रिप व ब्लड ट्रांसफ्यूजन बैग को पकड़े देखा गया है। उनका कहना था कि शिफ्टिंग के दौरान माकूल व्यवस्था नहीं की गई। जीएमसीएच प्रशासन को शिफ्टिंग की मजबूत व्यवस्था करनी थी। इस बारे में नोडल आफिसर डॉ. जीपी थामी ने बताया कि मरीजों को अभी दिक्कत आ सकती है, क्योंकि शिफ्टिंग का काम चल रहा है। यह सारी दिक्कतें जल्द ही ठीक हो जाएंगी।