चंडीगढ़। हरियाणा में डीएपी की किल्लत के बीच 15 से 25 नवंबर के बीच प्रदेश को प्रतिदिन 3 रैक डीएपी खाद मिलेगी। एक रैक में करीब 2600 मीट्रिक टन डीएपी खाद होता है। इससे पहले केंद्र ने 1 से 15 नवंबर तक 26 रैक डीएपी खाद देने पर सहमति दी थी। इसमें से 12 रैक मिल चुके हैं और 14 रैक एक सप्ताह में मिल जाएंगे। यह जानकारी कृषि मंत्री जेपी दलाल ने मंगलवार को दिल्ली में केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया से मुलाकात के बाद दी। इस दौरान दलाल ने प्रदेश में सरसों और गेहूं की बिजाई को लेकर खाद की जरूरत बताई। केंद्रीय मंत्री ने आश्वस्त किया कि डीएपी की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
कृषि मंत्री ने बताया कि इस आपूर्ति से प्रदेश में फसल बुआई के लिए जितनी डीएपी खाद की आवश्यकता है वो पूरी हो पाएगी। कृषि मंत्री जेपी दलाल ने किसानों से अपील की कि वह जितनी खाद की जरूरत है उतना ही खाद लें।