हरियाणा सरकार ने राज्य का निर्यात ग्राफ बढ़ाने के लिए प्रयास और तेज कर दिए हैं। ओमान में बासमती चावल का निर्यात करने की तैयारी है। साथ ही प्रदेश के कुशल मैनपावर के लिए उद्योगों में रोजगार के अवसर तलाशे जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल से उनके आवास संत कबीर कुटीर पर मिलने पर ओमान सल्तनत के शाही परिवार के सदस्य सैय्यद नवाफ बिन बरघाश अल सईद से भी इन विषयों पर शनिवार को खुलकर चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान हरियाणा और ओमान सल्तनत के बीच सहयोग के क्षेत्रों पर विचार-विमर्श हुआ। निवेश और व्यापार बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई।
मनोहर लाल ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में कौशल प्रदान कर उन्हें विदेशों में रोजगार के अवसर मुहैया करवाना है। हरियाणा में विदेशी निवेश आकर्षित करने व व्यापार बढ़ाने के लिए प्रदेश में अलग से विदेश सहयोग विभाग बनाया है। हरियाणा ने दूसरे देशों के साथ समन्वय के लिए विदेश सहयोग विभाग के तहत हरियाणा निर्यात संवर्धन परिषद और हरियाणा विदेशी प्लेसमेंट सेल की स्थापना की है। यह विभाग एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल और हैफेड के साथ मिलकर निर्यात को बढ़ावा देने का काम करेगा। मुख्यमंत्री ने सैय्यद नवाफ बिन बरघाश अल सईद को श्रीमद्भगवद्गीता भी भेंट की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश से गाड़ी और अन्य देशों में बड़ी मात्रा में बासमती चावल का निर्यात हो रहा है। उच्च गुणवत्ता के कारण हरियाणा के बासमती चावल की दूसरे देशों में बड़ी मांग है।