कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल प्रांगण में आयोजित गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने परेड की सलामी ली इसके बाद ध्वजारोहण किया। विधानसभा अध्यक्ष ने किसानों, गरीबों, महिलाओं, शहीदों के लिए चलाई जा रहीं हरियाणा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में अपने संबोधन में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में कोरोना जैसी महामारी पर विजय पाई है। इस दौरान कुरुक्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। वहीं कोरोना वैक्सीन को लेकर बनाई गई रंगोली विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
फतेहाबाद में डीसी ने फहराया तिरंगा
फतेहाबाद में जिला मुख्यालय पर हुए गणतंत्र दिवस समारोह में उपायुक्त डॉ. नरहरि सिंह बांगड़ ने ध्वजारोहण किया। मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइन में हुआ। इसके अलावा टोहाना व रतिया में भी उपमंडल स्तर पर समारोह हुए।
किसान आंदोलन के चलते सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए। शहर में 11 नाके लगाए गए। इसके अलावा जीटी रोड पर भी पुलिसकर्मी तैनात रहे। इन नाकों पर हर वाहन चालक को पूछताछ के बाद ही आगे बढ़ने दिया गया। गांवों के रास्तों पर विशेष चेकिंग की गई। पुलिस लाइन के गेट पर भी प्रत्येक व्यक्ति का नाम रजिस्टर में लिखने के बाद ही प्रवेश दिया गया। करनाल में गणतंत्र दिवस समारोह में सहकारिता मंत्री डॉक्टर बनवारीलाल ने झंडा फहराया।
विधानसभा उपाध्यक्ष ने किया ध्वजारोहण
नारनौल में हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा ने गणतंत्र दिवस के मौके पर स्थानीय पुलिस लाइन में तिरंगा झंडा फहराया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बाद में विभिन्न विभागों की झांकी निकली गई।