चंडीगढ़। हरियाणा ने क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) प्रणाली में शत-प्रतिशत अंकों के साथ देश भर में प्रथम स्थान हासिल किया है। दूसरी बार 100 प्रतिशत अंक मिलने पर गृह मंत्री अनिल विज ने पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (दूरसंचार व आईटी) एएस चावला सहित पूरे पुलिस विभाग की पीठ थपथपाई है। उन्होंने इस उपलब्धि को दोहराने पर बधाई व शुभकामनाएं भी दीं।
विज ने कहा, यह दूसरी बार है जब हरियाणा पुलिस ने इस प्रणाली के तहत 100 प्रतिशत अंकों के साथ देश में पहला स्थान हासिल किया है। हिमाचल ने 99.6 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा और कर्नाटक ने 99.3 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है। गुजरात 99 प्रतिशत अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहा है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक चावला ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के प्रगति डैशबोर्ड पर एकीकृत अपराध और आपराधिक नेटवर्किंग, प्रणालियों की समीक्षा व निगरानी नियमित अंतराल पर होती है। प्रधानमंत्री की तरफ से तय विभिन्न मापदंडों पर राज्य के सभी पुलिस स्टेशनों की कनेक्टिविटी, पुलिस स्टेशनों में कंप्यूटर सिस्टम की उपलब्धता, नागरिक सेवाओं का निपटान, पुलिस अधिकारियों का प्रशिक्षण, सिस्टम पर पुलिस स्टेशनों द्वारा कार्य करना, पुराने डाटा का डिजिटाइजेशन और सिस्टम में उपलब्धता, गिरफ्तार और लापता व्यक्तियों की तस्वीरों का सीसीटीएनएस में इंद्राज और सिस्टम से तैयार चालानों को अदालतों में जमा करना इत्यादि बिंदुओं को परखा जाता है। जुलाई 2021 के लिए प्रगति डैशबोर्ड के सभी निर्धारित मापदंडों में 100 प्रतिशत अंक मिले हैं।
चावला ने बताया कि डीएसपी पवन कुमार, एसआई राजेश कुमार और अन्य की एक विशेष टीम तैनात की गई है। ये प्रगति डैशबोर्ड के सभी मापदंडों पर चौबीस घंटे फील्ड इकाइयों के कार्यों की लगातार निगरानी करते हैं।