मोरनी। पुराने ऐतिहासिक मंदिरों को पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को विभिन्न मंदिरों का दौरा किया। पूर्व विधायक लतिका शर्मा के साथ प्रिंसिपल सेक्रेटरी टूरिज्म एमडी सिन्हा के आदेश पर विभाग के एसडीओ सतीश चौहान और जेई सुरेश फोगाट ने शेरला हनुमान मंदिर पहुंच योजना को अमलीजामा पहनाने का कार्य शुरू कर दिया है।
इस दौरान प्राचीन शेरला ताल और समलौठा मंदिर के साथ अन्य कई मंदिरों को एक श्रंखला के तौर पर विकसित करने के लिए योजना बनाने का काम भी शुरू कर दिया गया। पूर्व विधायक ने बताया कि इलाके में कई प्राचीन मंदिर हैं, जिनके बारे में बेहद कम लोगों को जानकारी है। इन प्राचीन जगहों को विकसित करने से यहां पर पूरे देश से लोग आया करेंगे और धार्मिक टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा।
योजना के अनुरूप इलाके का प्राचीन शेरला हनुमान मंदिर जल्द राष्ट्र धरोहरों में शामिल होगा। मंदिर के साथ शेरला ताल, समलौठा मंदिर, बणीं काली माता मंदिर, चंडीवास मंदिर व माता नगर कोटी मंदिर को सुंदर और मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को देखते हुए निर्माण करवाया जाएगा।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सीएम कर रहे काम
पूर्व विधायक ने बताया कि मोरनी इलाके में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल योजनाबद्ध तरीके से काम कर रहे हैं। इसका असर भी देखने को मिला है। जून में पहले दौरे के बाद से यहां पर आने वाले सैलानियों की संख्या भी काफी बढ़ी है। इसलिए मंदिरों को जोड़ने की योजना को भी जल्द फाइनल करवा दिया जाएगा। इस मौके पर उनके साथ भाजपा नेता पवन धीमान, सुखबीर सिह, महेंद्र राणा, गीत चंदेल, निशा ठाकुर, परमजीत पम्मी, गीत चंदेल व कई पूर्व सरपंच सहित शामिल रहे।