पंचकूला। हरियाणा गो सेवा आयोग के तत्वाधान में मंगलवार को एक वर्चुअल बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में हरियाणा के पशुपालन एवं कृषि, किसान कल्याण मंत्री जयप्रकाश दलाल मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। हरियाणा गो सेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण कुमार गर्ग ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस बैठक में रासायनिक डीएपी के विकल्प जैविक प्रोम के लिए भविष्य की कार्य योजना पर विचार किया गया। जयप्रकाश दलाल पशुपालन, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने हरियाणा गो सेवा आयोग की इस तरह के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हमें पारंपरिक गो आधारित खेती पर जोर देना होगा। फॉस्फेट आधारित गाय के गोबर से बनी इस प्रोम खाद को पूरी तरह से किसी विश्वसनीय लैब से टेस्टिंग करवाई जानी चाहिए। बैठक में पशुपालन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अंकुर गुप्ता, भारत सरकार के पशुपालन आयुक्त डॉ. प्रवीण मलिक, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के महानिदेशक डॉ. हरदीप सिंह, पशुपालन विभाग के महानिदेशक डॉ. बिरेंद्र लौरा, प्रधानमंत्री कार्यालय की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. केतकी बापट, सुप्रसिद्ध कृषि विशेषज्ञ अजीत केलकर, कृषि वैज्ञानिक एवं उद्यमी डॉ. देवेंद्र मलिक, सीबीजी उद्यमी युवा आदित्य अग्रवाल एवं विजय सरोहा तकनीकी सलाहकार स्वच्छ भारत मिशन, आयोग के सचिव डा. चिरंतन कादियान, सलाहकार सुधीर राणा इस बैठक में मौजूद रहे।