माई सिटी रिपोर्टर पंचकूला। सेक्टर-6 स्थित सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में मरीजों के लिए आवश्यक ग्लूकोज और आईवी सेट की आपूर्ति रविवार को पहुंच गई। यह सामग्री अंबाला स्थित वेयरहाउस से मंगाई गई है।
गौरतलब है कि 19 फरवरी को प्रकाशित खबर में बताया गया था कि इमरजेंसी में इलाज कराने आने वाले मरीजों को स्वयं ग्लूकोज और आईवी सेट लेकर आने के लिए कहा जा रहा है। 20 फरवरी को भी इस समस्या के बने रहने संबंधी समाचार प्रकाशित हुआ था। समाचार प्रकाशित होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने आवश्यक दवाओं और आईवी सेट की मांग दोबारा भेजी।
सिविल अस्पताल के पीएमओ डॉ. आरएस चौहान ने बताया कि इमरजेंसी में आईवी सेट और ग्लूकोज समाप्त हो जाने के कारण मरीजों को परेशानी हो रही थी। इसकी मांग पहले ही भेज दी गई थी, जिसके बाद अब सामग्री उपलब्ध करा दी गई है। उन्होंने कहा कि अब इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को ग्लूकोज और आईवी सेट अस्पताल से ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उन्हें राहत मिली है।