स्कूल में सुबह प्रार्थना के बाद टीचर बच्चों को वोट का महत्व बताएंगे। यह बच्चे अपने घर और आस-पड़ोस के लोगों को वोट बनवाने के लिए प्रेरित करेंगे।
यह सुझाव मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सोमवार को स्थानीय अधिकारियों के साथ हुई बैठक में दिया।
इसके अलावा वंचित युवाओं के वोटर कार्ड बनाने के लिए चुनाव आयोग से सख्त हिदायतें भी जारी की गई हैं।
इस संबंध में हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एसके वाल्द ने आदेश दिए कि 25 अक्तूबर तक वोट बनाने का काम युद्ध स्तर पर किया जाए।
वाल्द ने अधिकारियों से कहा कि जिले में ऐसा वातावरण बनाया जाए, जिससे लोग जागरूक होकर अपने आवेदन पत्र 25 अक्तूबर तक जमा करवा दें।
इसके लिए पात्र व्यक्तियों को घर-घर जाकर जागरूक करना होगा। आवेदन मिलने के बाद अधिकारी उसकी जांच भी अवश्य करें, जिससे मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे।
उन्होंने कहा कि बूथ वाइज एक लिस्ट बनाई जाए। इससे पता चल सकेगा कि किस बूथ पर कितने दावे और आपत्तियां आई हैं।
शिक्षा विभाग को सौंपी जिम्मेदारी
वाल्द ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्कूल में प्रार्थना के समय छात्र-छात्राओं से कहें कि वह अपने परिवार और आस-पड़ोस में यदि कोई व्यक्ति ऐसा है, जिसकी आयु 18 वर्ष या इससे अधिक है, उनके फार्म भरवाएं।
इसके अलावा प्रशासन भी आने वाले दिनों में वोटर कार्ड बनवाने के लिए कॉलेजों में शिविर लगाएगा।
20 को विशेष अभियान
20 अक्तूबर को विशेष अभियान दिवस मनाया जाएगा। इसमें सुबह से शाम तक सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केन्द्र पर मौजूद रहेंगे, जिससे पात्र व्यक्ति अपने फार्म भर कर जमा करवा सकें।
बैठक के दौरान उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. एसएस फुलिया ने अािधकारियों को निर्देश दिए कि इस अभियान की शत-प्रतिशत सफलता के लिए क्षेत्र में तैनात ग्राम सचिव और पटवारियों का भी सहयोग लिया जाए।