पंचकूला। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने शनिवार को सेक्टर-26 स्थित राजकीय पॉली क्लीनिक में स्वास्थ्य उपकरण समारोह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कोरोना की लड़ाई में विदेशों में सेवा कर रहे भारतीयों ने भी बढ़ चढ़कर योगदान दिया है। जिले के विभिन्न अस्पतालों में भेजे जाने स्वास्थ्य उपकरण पंचकूला निवासी एवं जर्मनी के ड्यूश बैंक में कार्यरत हर्ष गुप्ता और उनके साथियों द्वारा दान किए गए हैं। दान किए उपकरणों में मिनी ऑपरेटस, व्हील चेयर, चेयर, स्ट्रेचर, फ्लोमीटर और ऑक्सीमीटर शामिल हैं।
गुप्ता ने कहा कि पंचकूला के एनआरआई बच्चों द्वारा अस्पतालों को जो यह सहायता पहुंचाई गई है, इससे निश्चित रूप से मरीजों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में इस तरह का नेक काम प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि चाहे आज ये लोग विदेश में रहकर वहां अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन फिर भी वे अपने देश की मिट्टी से जुड़े हैं और देश को याद रखे हुए हैं। देश पर कोई कष्ट आता है तो उस कष्ट को दूर करने के लिए साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि इसका एहसास इस बात से हो जाता है कि किस प्रकार से वे विदेश मे सेवा करते हुए भी अपने देश के प्रति कुछ करने के लिये दृढ़ संकल्प हैं।
कार्यक्रम के संयोजक रामकुमार गुप्ता ने बताया कि यह स्वास्थ्य उपकरण जर्मनी में रह रहे उनके पुत्र हर्ष गुप्ता और उनके साथियों द्वारा डोनेट किए गए हैं। उन्होंने बताया कि कोविड-19 के मरीजों को निश्चित रूप से इनका लाभ मिलेगा। इस मौके पर नगर निगम मेयर कुलभूषण गोयल, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय शर्मा, महामंत्री परमजीत कौर, वीरेंद्र राणा, उपाध्यक्ष उमेश सूद, पार्षद जय कौशिक, विश्व हिंदू परिषद के प्रदेश मंत्री सत्यनारायण वर्मा, मंडलाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, एसी मोर्चा के महामंत्री कृष्ण बराड़ व राजकीय पॉल क्लीनिक के डॉक्टर व अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।