योगेंद्र त्रिपाठी
पंचकूला। बिना कूड़ा उठाए नगर निगम हर माह व्यवसायियों से 20 लाख की वसूली कर रहा है। नवंबर माह के बिल में हर फैक्टरी पर दो हजार रुपये का गारबेज चार्ज लगाकर भी भेजा गया है। बिल भेजने के बाद भी औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 और 2 से कूड़ा नहीं उठवाया जा रहा है। सेक्टर-20 सोसाइटी के मकानों से भी कूड़ा का उठान नहीं करने के बावजूद भी यह चार्ज वसूला जा रहा है।
पंचकूला के औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 और 2 में एक हजार व्यवसायी फैक्टरी चलाते हैं। इस क्षेत्र से कूड़े का उठान नहीं होने से उद्योगपतियों में नाराजगी है। इन लोगों का कहना है कि कूड़े का उठान नहीं होने के बावजूद यहां के लोगों के बिलों में दो- दो हजार रुपये का चार्ज लगाकर भेजा गया है। नगर निगम धक्केशाही कर रहा है। व्यापारियों का कहना है कि कूड़ा उठवाने के लिए प्राइवेट वाहन बुलाकर हर माह एक हजार रुपये देते हैं। इसके बाद नगर निगम की तरफ से इस तरह का काम किया जा रहा है। यह बहुत ही गलत है। इस पर पूरी तरह से निगम को रोक लगानी चाहिए। नगर निगम के अधिकारियों के साथ कई बार मीटिंग हो चुकी है। इसके बाद भी इस पर रोक नहीं लगाई जा सकी है। इसे लेकर व्यापारियों में बहुत नाराजगी है। उद्यमियों का कहना है कि नगर निगम की तरफ से इस तरह की धक्केशाही की उम्मीद नहीं थी। इसके बाद इस तरह का काम किया जा रहा है।
गारबेज कलेक्शन की नहीं आती कोई गाड़ी
गारबेज कलेक्शन की कोई गाड़ी नहीं आती है। नगर निगम कूड़ा बाहर नहीं डालने देते हैं। व्यापारियों से बिल में दो हजार का चार्ज वसूली किया जा रहा है। हमारी मांग है कि इस पर रोक लगाई जाए। गारबेज टैक्स लगाने से पहले कोई सलाह व्यापारियों से नहीं ली गई है। - राकेश गर्ग, महासचिव, पंचकूला इंडस्ट्री एसोसिएशन
गुंडा टैक्स वसूला जा रहा
व्यापारियों से नगर निगम पूरी तरह से गुंडा टैक्स वसूल रहा है। अपनी गाड़ी करके हर माह कूड़ा फेंक रहे हैं। अभी तक इस पर कोई सुनवाई नहीं हुई है। हमारी मांग है कि इसे जल्द पूरा किया जाए। - सीबी गोयल, उद्योगपति फेज-2
हमारी तरफ से गारबेज कलेक्शन ठीक तरीके से करने के लिए बैठक की गई है। अगर यह गारबेज नहीं उठाया जाएगा तो कूड़ा उठाने वाली कंपनी पर जुर्माना करेंगे। मीटिंग कर हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। अगर इस पर कोई शिकायत करेगा तो हम कार्रवाई करेंगे। - सचिन गुप्ता, कमिश्नर, पंचकूला नगर निगम।