संवाद न्यूज एजेंसी
रायपुररानी। निरंकारी सत्संग भवन के नजदीक ट्रक की टक्कर से शनिवार को बाइक सवार एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। अभी तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
रायपुररानी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह के अनुसार गांव नगोली निवासी दीपक कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह शनिवार को अपने भाई मंयक नागरा के पास रायपुररानी आया था। भाई मंयक और उसका दोस्त अनुभव वासी प्यारेवाला मोटरसाइकिल पर निजी काम से पंचकूला की तरफ जा रहे थे। मंयक मोटरसाइकिल चला रहा था। अनुभव पीछे बैठा था। दोपहर के समय करीब 12.30 बजे जब मोटरसाइकिल संत निरंकारी भवन रायपुररानी के पास से गुजर रही थी, तो अचानक पीछे से एक चालक कट मारते हुए ट्रक लेकर आगे निकला।
साइड लगते ही मंयक और अनुभव सड़क पर गिर गए। मंयक मौके पर ही बेहोश हो गया। वहां पर मौजूद लोगों ने ट्रक को कुछ दूरी पर जाकर रुकवा लिया। ट्रक चालक ने अपना नाम सुखदेव पुत्र राम कृष्ण वासी गांव गिजैड जिला सोलन हिमाचल प्रदेश बताया। लोगों की मदद से मयंक को सरकारी अस्पताल रायपुररानी पहुंचाया। इस दौरान ट्रक चालक फरार हो गया। डाॅक्टर ने जांच के बाद घायल को मृत घोषित कर दिया। आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी नहीं हुई है। शव का पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।