चंडीगढ़। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी गोल्डी बराड़ ने एक क्लब मालिक से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। रुपये न देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई है। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी है।
पुलिस पता लगा रही है कि आखिर कॉल कहां से की गई। सूत्रों ने बताया कि ये एक अंतरराष्ट्रीय नंबर था। कॉल करने वाले ने खुद का नाम गोल्डी बराड़ बताया। पुलिस खुलकर नहीं बोल रही है। पुलिस इसे फर्जी कॉल बताकर पल्ला झाड़ रही है जबकि इसकी जांच में क्राइम ब्रांच भी जुटी है। यह क्लब शहर के पूर्वी इलाके में स्थित है।
कोटकपूरा का गैंगस्टर गोल्डी बराड़ गुरलाल बराड़ का चचेरा भाई है। पिछले साल 11 अक्तूबर की रात को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-एक स्थित एक क्लब के बाहर गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। गुरलाल चंडीगढ़ में स्टूडेंट्स ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी (सोपू) का प्रदेश अध्यक्ष रहा था। गोल्डी बराड़ पर हत्या, रंगदारी समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गोल्डी राजस्थान जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी है और अब वही विदेश में बैठकर लॉरेंस गैंग को ऑपरेट कर रहा है। गुरलाल की हत्या के बाद गोल्डी ने बदला लेने के लिए यूथ कांग्रेस नेता गुरलाल सिंह पहलवान समेत कई लोगों की हत्या करवाई।
गैंगस्टर सरेआम करते रहे हैं वारदातें
बता दें कि चंडीगढ़ में कुछ सालों में सोनू शाह की हत्या, सेक्टर-15 में दोहरा हत्याकांड, बाउंसर सुरजीत की गोली मारकर हत्या, पीयू के छात्र नेता रहे गुरलाल बराड़ समेत अन्य कई वारदातों को गैंगस्टर्स ने सरेआम अंजाम दिया है।