पंचकूला। पुलिस चौकी अमरावती की टीम ने रास्ते भटके चार नाबालिगों को सुरक्षित उनके परिजनों को सौंपा है। चारों नाबालिग हरियाणा के करनाल जिले के रहने वाले हैं। यह सभी बच्चे एक-दूसरे के पड़ोसी हैं।
चौकी इंचार्ज प्रीतम सिंह ने बताया कि 17 अगस्त की शाम करीब 7 बजे कालका-शिमला हाईवे पर रामपुर सुउडी गांव के समीप स्थित एक ढाबा संचालक ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी कि चार नाबालिग बच्चे असमंजस की स्थिति में इधर-उधर भटक रहे हैं। सूचना मिलते ही ईआरवी-525 की टीम मौके पर पहुंची और बच्चों को अमरावती पुलिस चौकी पहुंचाया। चौकी इंचार्ज ने बच्चों से पूछताछ की तो पता चला कि वह आपसी सहमति से घरवालों को बिना बताए शिमला घूमने निकले थे।
पुलिस चौकी अमरावती से करनाल पुलिस को बच्चों के रास्ते भटकने की सूचना दी। बच्चों के परिजनों को इस संबंध में सूचित किया। सूचना मिलते ही परिजन तुरंत पंचकूला के लिए रवाना हुए। रात करीब 11:30 बजे बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया।