समाधान शिविर में डीसी ने सुनीं 9 शिकायतें, कोडावाला में पाइपलाइन को जल्द मंजूरी का भरोसा
माई सिटी रिपोर्टर
पंचकूला। उपायुक्त सतपाल शर्मा ने वीरवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मोरनी ब्लॉक के गांव समलोठा और भोजकूदाना से आई शिकायत पर कड़ा संज्ञान लेते हुए उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को तलब किया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि रिहायशी मकान को सुरक्षित करने के लिए वह स्वयं डंगा (रिटेनिंग वॉल) लगा रहा था, लेकिन वन विभाग ने कार्य रुकवा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने वन विभाग को अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट तुरंत प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
वहीं पिंजौर ब्लॉक के गांव कोडावाला निवासी कुलदीप की पेयजल पाइपलाइन बिछाने की मांग पर उपायुक्त ने जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग से जवाब तलब किया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन का एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय को स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है।
सतपाल शर्मा ने शिकायतकर्ता को आश्वस्त किया कि मुख्यालय से मंजूरी मिलते ही पाइपलाइन बिछाने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया जाएगा।
समाधान शिविर में कुल नौ शिकायतें पहुंचीं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निपटारा करने का प्रयास किया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लोगों की शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।