सोशल मीडिया पर प्रसारित संदेश में विरोधियों और समर्थकों को चेतावनी, पुलिस ने नहीं की पुष्टि
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-5 में क्लब संचालक रतन लुबाना पर हुए गोलीकांड के बाद सोशल मीडिया पर एक ऑडियो संदेश वायरल हो रहा है। ऑडियो में एक व्यक्ति ने खुद को रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताते हुए हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, पुलिस ने इस ऑडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है।
वायरल ऑडियो में कथित तौर पर वीरेंद्र नामक व्यक्ति रतन लुबाना पर हुई फायरिंग को अपने गैंग की कार्रवाई बता रहा है। ऑडियो में दावा किया गया है कि लुबाना उनके विरोधियों को आर्थिक मदद पहुंचा रहा था। साथ ही कहा गया है कि जो भी उनके विरोधियों की किसी भी प्रकार से मदद करेगा, उसे भी दुश्मन माना जाएगा।
ऑडियो संदेश में विरोधियों और उनके समर्थकों को चेतावनी देते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही गई है। इसमें यह भी कहा गया है कि गैंग के खिलाफ गतिविधियों में शामिल लोगों को सावधान रहना चाहिए।
उधर, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल ऑडियो की सत्यता और स्रोत को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।