चंडीगढ़। हरियाणा में पहली से 12वीं कक्षा तक के स्कूल खोलने और एक ही दिन में 3999 बच्चों को बुखार की शिकायत मिलने पर स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया है। स्वास्थ्य महानिदेशक डा. वीना सिंह ने सभी सीएमओ को निर्देश दिए हैं कि वे स्कूलों में सैंपलिंग लगातार कराएं, साथ ही स्टाफ के टीकाकरण पर पूरा फोकस करें।
सोमवार को पहली से तीसरी कक्षा के स्कूल खोले गए थे। इस दौरान जांच में 3999 बच्चों का तापमान 99 डिग्री से अधिक था। एक ही दिन में बड़ी संख्या में बच्चों को बुखार को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। महानिदेशक ने सभी सीएमओ को निर्देश दिए हैं कि वे स्कूलों पर पूरा फोकस रखें। 100 प्रतिशत स्टाफ का टीकाकरण हो। स्कूल के चपरासी, माली और बस चालकों समेत पूरे स्टाफ के सैंपलों के साथ साथ उनको टीके के दोनों खुराक देने के लिए तेजी से प्रयास किए जाएं।