बरवाला। नगर निगम पंचकूला के अंतर्गत पड़ने वाले वार्ड नंबर 20 के गांव नग्गल के मिडिल स्कूल के नजदीक गंदे पानी की निकासी का उचित प्रबंध न होने के कारण ग्रामीण और स्कूल स्टाफ के सदस्य काफी परेशान हैं। गांव निवासी देवदत्त, बलविंदर सोनी, रवि शर्मा, इंदरजीत सिंह, गोल्डी, मंगू राणा आदि ने बताया कि उनके गांव के मिडिल स्कूल की दीवार के साथ नगर निगम की खाली पड़ी जगह में गंदा पानी जमा हो रहा है और कई बार यह गंदा पानी ओवरफ्लो होकर स्कूल के प्रांगण में भी भर जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि जिस जगह पर यह गंदा पानी जमा हो रहा है वहां पर बहुत गहराई है जिससे उन्हें हमेशा इसमें गांव ओर स्कूल के बच्चों के गिरने का भी डर सताता रहता है कि कहीं कोई बच्चा अनजाने में इसमें न गिर जाए। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों प्रिंस नाम का एक बच्चा इस गंदे पानी में गिर गया था और उसकी मौत हो गई थी। उस समय नगर निगम ने यहां से इस गंदे पानी को खाली करके यहां पर स्कूल के लिए पार्किंग बनवाने का आश्वासन दिया था। लेकिन नगर निगम के आश्वासन के बाद आज तक धरातल पर कुछ भी कार्य नहीं हो पाया है। इसको लेकर ग्रामीणों में नगर निगम विभाग के प्रति काफी रोष है। ग्रामीणों ने बताया कि इतना ही नहीं यहां पर गंदा पानी जमा होने से गांव का वातावरण भी दूषित हो रहा है जिससे यहां पर मच्छर मक्खियों की भरमार भी बढ़ रही है और उन्हें किसी बीमारी फैलने का भी डर सता रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने इस बारे में कई बार विभाग को लिखित में भी शिकायत की है। लेकिन आज तक उनकी इस समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
क्या कहना है गांव वासियों का
गांव के स्कूल के पास नगर निगम की खाली पड़ी जिस जमीन में यह गंदा पानी जमा हो रहा है उसमें गांव और स्कूल के बच्चों के गिरने का खतरा बना हुआ है नगर निगम को इस समस्या की ओर ध्यान देकर इसे जल्द हल करवाना चाहिए। -देवदत्त
दो-तीन साल पहले नगर निगम ने इस खाली जगह में मिट्टी भरकर यहां पर टाइल लगाकर स्कूल की पार्किंग बनवाने का आश्वासन दिया था। लेकिन इसके बाद से अधिकारियों का यह आश्वासन आज तक सिरे नहीं चढ़ पाया। -बलविंदर सोनी
जिस जगह पर यह गंदा पानी जमा होता है करीब तीन साल पहले गांव का ही एक छोटा बच्चा प्रिंस इसमें गिर गया था और उसकी मौत हो गई थी। उस समय निगम ने तालाब की तरफ तो दीवार बनवा दी थी, लेकिन गंदे पानी की निकासी का कोई प्रबंध नहीं किया था। इसलिए यह समस्या आज भी जस की तस बनी हुई है। -गोल्डी
गांव के राजकीय मिडिल स्कूल के नजदीक उक्त खाली जगह पर गंदा पानी जमा होने से मच्छर मक्खियों की भरमार भी बढ़ गई है। इनसे गांव के लोगों में बीमारी फैलने का भी खतरा बना हुआ है। -मनीषा