पंचकूला। असिस्टेंट लाइनमैन की वेरिफिकेशन मामले में असली उम्मीदवार की जगह पहुंचे फर्जी उम्मीदवार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान देशराज निवासी गांव बुच्ची खेड़ी थाना केराना जिला शामली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी को जिला अदालत में पेश किया गया जहां से उसका दो दिन का रिमांड लिया गया है। पंचकूला एसीपी विजय नेहरा ने बताया कि आरोपी देशराज असली उम्मीदवार महिपाल की जगह पर वेरिफिकेशन करवाने के लिए आया था। महिपाल की पहचान निवासी मारोली थाना सदर नारनौल जिला महेंद्रगढ़ के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-5 परेड ग्राउंड में असिस्टेंट लाइनमैन के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए 1 फरवरी को उम्मीदवारों को बुलाया गया। इस दौरान हरियाणा स्टाफ सेलेक्शन बोर्ड के प्राइवेट सेक्रेटरी सुमित कुमार ने बताया कि आरोपी महिपाल के फिंगर प्रिंट बार बार मिलाने के बाद भी नहीं मिले। शक होने के बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पूछताछ के बाद महिपाल की जगह आए आरोपी देशराज की पहचान की गई। देशराज ने बताया कि असली उम्मीदवार महिपाल की बुआ के बेटे राहुल ने अंबाला सेंटर में देशराज को महिपाल की जगह बिठाकर पेपर दिलवाया था। पुलिस आरोपी राहुल, महिपाल की तलाश कर रही है।
पंचकूला एसीपी विजय नेहरा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही इसमें शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।