पंचकूला। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। भवन विद्यालय सेक्टर-15 के छात्र हितेश्वर शर्मा जहां 99.8 फीसदी अंक ह्यूमैनिटीज स्ट्रीम में हासिल कर नेशनल टॉपर बनें हैं, वहीं, नॉन मेडिकल स्ट्रीम में दृष्टि गुप्ता ने 99.2 अंक हासिल कर पंचकूला टॉप किया है। मेडिकल स्ट्रीम में श्रेया नरवाल ने 97.8 फीसदी अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं कॉमर्स स्ट्रीम में अबीर ने 99 फीसदी अंक हासिल किए हैं। भवन विद्यालय की प्रिंसिपल गुलशन कौर ने बताया कि स्कूल के कुल 139 विद्यार्थियों में से 64 ने 95 फीसदी से अधिक अंक हासिल किए हैं।
गणित में 19 छात्रों ने शत प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। वहीं भौतिक विज्ञान में एक, समाज शास्त्र में दो, मनोविज्ञान, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान, संगीत में एक-एक छात्र ने शत प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। शारीरिक शिक्षा में 10 छात्रों ने शत प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उन्होंने बताया कि इन प्रशंसनीय उपलब्धियों में छात्रों और शिक्षकों की तरफ से कड़ी मेहनत की गई है। कड़ी मेहनत करने के कारण ही स्टूडेंट्स ने अच्छे अंक हासिल किए हैं। वहीं ह्यूमैनिटीज स्ट्रीम में कुस्कान रूल्हानिया भी 99.2 फीसदी अंकों के साथ टॉपर रहीं।
वहीं नॉन मेडिकल स्ट्रीम में उदित सांघी ने 52वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने इंटरनेशल इंफॉरमेटिक्स ओलंपियाड में सिल्वर मेडल हासिल किया है। वहीं स्कूल के भावज सिंगना ने इंटरनेशनल केमिस्ट्री ओलंपियाड के लिए क्वालीफाई किया।