पंचकूला। समस्त अग्रवाल समाज की तरफ से 7 से 10 अक्तूबर तक महाराजा अग्रसेन जयंती सेक्टर-16 अग्रवाल भवन में मनाई जाएगी। इसमें अग्रवाल समाज की आठ संगठनों की सहभागिता रहेगी। रविवार को विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने मेयर कुलभूषण गोयल के निवास पर पहुंचकर उन्हें कार्यक्रम की अध्यक्षता के लिए आमंत्रित किया। कुलभूषण गोयल ने कहा कि यह ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा, क्योंकि आठ संस्थाएं मिलकर पहली बार कार्यक्रम कर रही हैं। इस मौके पर अग्रवाल सभा के संयोजक अमित जिंदल, सदस्य कुसुम कुमार गुप्ता, कैलाश मित्तल, बृजलाल गर्ग, अशोक जिंदल मौजूद रहे।
अमित जिंदल और कुसुम कुमार गुप्ता ने बताया कि महाराजा अग्रसेन का 5145वां जयंती उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता मुख्य अतिथि होंगे जबकि मेयर कुलभूषण गोयल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। हरियाणा गोसेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण गर्ग विशेष अतिथि होंगे। महाराजा अग्रसेन चौक पर 7 अक्तूबर को सुबह 9 बजे हवन करने के बाद ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद भंडारे का आयोजन होगा। 9 अक्तूबर को शोभा यात्रा सेक्टर-7 मार्केट से निकाली जाएगी। यह विभिन्न सेक्टरों से होकर सेक्टर-16 भवन में समाप्त होगी। इसमें महाराजा अग्रसेन और मां माधवी का रथ शामिल रहेगा। शोभायात्रा के समापन के बाद लंगर होगा। 10 अक्तूबर को महाराजा अग्रसेन जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
तेजपाल गुप्ता और कुसुम कुमार गुप्ता ने बताया कि 75 वर्ष से ऊपर के पांच वरिष्ठ नागरिक जोकि समाज में अपना योगदान देकर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, उनको सम्मानित किया जाएगा। मेधावी छात्रों को भी सम्मानित किया जाएगा। सामाजिक कार्यों में जुटा स्टाफ भी सम्मानित होगा। अग्रवाल महिला विंग की तरफ से डांडिया खेला जाएगा। यह कार्यक्रम अग्रवाल सभा (रजि.) पंचकूला, महाराजा अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट (रजि.) पंचकूला, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन पंचकूला, महाराजा अग्रसेन वेलफेयर ट्रस्ट (रजि.) पंचकूला, अग्रवाल हेल्पलाइन (रजि.) पंचकूला, अग्रवाल जन आयोग्य ट्रस्ट (रजि.) पंचकूला, अग्रवाल विकास ट्रस्ट (रजि.) पंचकूला, अग्र क्रांति मंच पंचकूला, अग्रवाल वैश्य समाज सभा (रजि.) पंचकूला मिलकर मना रही हैं।