पंचकूला। गुरु रविदास जयंती महोत्सव बुधवार को सेक्टर-15 स्थित रविदास भवन में धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आयोजन में मौजूद लोगों ने संत के दिखाए मार्ग का अनुसरण करने का संकल्प लिया। इस मौके पर भाजपा राष्ट्रीय महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष बंतो कटारिया बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
उन्होंने लोगोें को संत गुरु रविदास के जन्मदिन की बधाइयां दीं। उन्होंने सभी को डॉ. भीमराव आंबेडकर, महर्षि वाल्मीकि, गुरु रविदास की दी हुई शिक्षाओं और उनके दिखाए आदर्शों पर चलने की अपील की। इस मौके पर उन्होंने 21 लाख रुपये की राशि रविदास सभा को देने की घोषणा की। कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विभिन्न स्कूलों के बच्चों को 5100 रुपये इनाम स्वरूप भेंट किए।
कार्यक्रम में नगर निगम के मेयर कुलभूषण गोयल और बीजेपी के राष्ट्रीय अनुसूचित जाति मोर्चा के उपाध्यक्ष रामअवतार वाल्मीकि ने भी विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लिया। प्रशासन की तरफ से एसडीएम पंचकूला ऋचा राठी उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास ने अपनी शिक्षा में सबसे पहले संगठित और शिक्षित बनकर अपने समाज, प्रदेश और देश को आगे बढ़ाने की सीख दी है। उन्होंने कहा कि हम सभी को रविदास और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के दिखाए मार्ग और उनके आदर्शों पर चलना चाहिए।
इस मौके पर बंतो कटारिया को रविदास सभा ने स्मृति चिह्न और शॉल देकर सम्मानित किया। रविदास सभा के प्रधान राजकुमार अहलावत, सचिव गुरदयाल सिंह, खजांची प्रीत सिंह, उपप्रधान जगदीश, आंबेडकर सभा के महासचिव धर्मपाल पूनिया, रविदास सभा के फाउंडर मेंबर बलवंत सिंह, मेंबर शशि जड़ोदिया, बीजेपी के मंडलाध्यक्ष धर्मपाल, पार्षद सोनू बिरला, अनिल जैन, ओमवती पूनिया, जय कौशिक, राकेश वाल्मीकि सहित अन्य लोग मौजूद रहे।