पंचकूला। हरियाणा पुलिस की तरफ से महिलाओं और बेटियों को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करने के लिए शुरू की गई साइकिल रैली ‘जागृति यात्रा‘ का समापन शुक्रवार को पंचकूला में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) हरियाणा प्रशांत कुमार अग्रवाल की उपस्थिति में हुआ। इस मौके पर डीजीपी ने महिलाओं की टीम द्वारा सफलतापूर्वक 1400 किलोमीटर की दूरी तय करने में दिखाए समर्पण और जोश की सराहना की। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस के इतिहास में यह पहली बार है जब हमारी महिला पुलिस ने इस कठिन कार्य को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि जिस उद्देश्य को लेकर यह साइकिल यात्रा रवाना की गई थी, उस दायित्व को चुनौतियों का सामना कर इन 16 महिला पुलिसकर्मियों ने बखूबी निभाया है।
जागृति यात्रा के पीछे हमारा प्राथमिक उद्देश्य राज्य भर में महिलाओं को महिलाओं के खिलाफ अपराध की रिपोर्ट करने की आवश्यकता के बारे में जागरूक करके उन्हें सशक्त बनाना था। उन्होंने कहा कि हमारी महिला साइकिल चालकों के प्रयास महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में क्रांतिकारी बदलाव लाने में सहायक सिद्ध होंगे। सभी महिला दस्ते के साथ साइकिल यात्रा शुरू करने का प्रस्ताव तत्कालीन एडीजीपी महिला सुरक्षा कला रामचंद्रन द्वारा दिया गया था। उनका मत था कि इस तरह की साइकिल यात्रा पूरे राज्य में चलाई जानी चाहिए। आज यहां से साइकिल रैली का तो समापन हो रहा है लेकिन महिला सुरक्षा के प्रति इस तरह के अभियान की यह शुरुआत है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हरियाणा पुलिस द्वारा इस दिशा में और भी कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर एडीजीपी आधुनिकीकरण एवं कल्याण आलोक कुमार रॉय, एडीजीपी एडमिन एएस चावला, एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर नवदीप सिंह विर्क, सीपी पंचकूला सौरभ सिंह, डीआईजी ओपी नरवाल, एसपी महिला सुरक्षा हामिद अख्तर, पंचकूला डीसीपी मोहित हांडा और पंचकूला एसीपी ममता सौदा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।