पंचकूला। नववर्ष में डीसीपी मोहित हांडा ने सेक्टर-15 स्थित डे केयर सेंटर में सीनियर सिटीजन के साथ मिलकर केक काटा। केक काटने के साथ उन्होंने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान करना हमारी परंपरा है। उनका हमें प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सदैव मार्गदर्शन मिलता है। देश में सर्वाधिक युवा हैं, बुजुर्ग उन्हें मार्गदर्शन देते रहें तो भारत को अग्रणी देश बनाया जा सकता है।
इस मौके पर पंचकूला एसीपी ममता सौदा ने कहा कि नौजवान बड़े बुजुर्गों को उतनी ही प्राथमिकता और सम्मान दें, जितना कि वे अपने कार्य को देने में लगे रहते हैं। हम सभी को बड़े बुजुर्गों के महत्व को समझना चाहिए और उनसे सीख लेने का सुनहरा अवसर गंवाना नहीं चाहिए। युवा वर्ग को अपने बडे़ बुजुर्गों को यह आभास कराते रहना चाहिए कि वे भी उनके जीवन में अहम महत्व रखते हैं। वे उन पर बोझ नहीं बल्कि समाज की अमूल्य संपत्ति से भी अधिक प्रिय हैं।
इस मौके पर डीसीपी मोहित हांडा के द्वारा सभी सीनियर सिटीजन को पंचकूला पुलिस की तरफ से नववर्ष-2022 पर स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर पंचकूला एसीपी विजय नेहरा, सेक्टर-14 थाना प्रभारी राजीव कुमार, महिला थाना प्रभारी नेहा चौहान, पुलिस चौकी इंचार्ज सेक्टर-15 दीदार सिंह और अन्य साथी व डे केयर सेंटर का स्टाफ मौजूद रहा।