पंचकूला। गवर्नमेंट हाई स्कूल सेक्टर-17 में आठवीं मेंं पढ़ने वाले 30 बच्चों ने अंग्रेजी की शिक्षिका पर क्लास के दौरान मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है। बच्चोंं का आरोप है कि अंग्रेजी विषय का काम पूरा नहीं होने पर शिक्षिका उनकी पिटाई करती है। मामला संज्ञान में आने के बाद डीसी ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) संध्या मलिक से बात कर जांच करने के आदेश दिए। इसके बाद डीईओ ने जांच कमेटी बनाई। कमेटी में डिप्टी डीईओ, बीईओ, प्रधानाचार्य और शिक्षक शामिल हैं।
डीईओ शनिवार को स्कूल पहुंंचीं। दिनभर मामले की जांच के दौरान कमेटी की ओर से शिक्षकों, बच्चों और अभिभावकों के बयान दर्ज किए गए। प्रारंभिक जांच में शिक्षिका की ओर से मारपीट की बात सामने आई है। वहीं, बच्चों को चोट पहले से लगी थी, यह बात उनके अभिभावकों ने भी मानी है। टीम ने सबसे पहले बच्चों और उनके परिजनों से बातचीत की और उनकी शिकायतों को सुना। इसके बाद कमेटी ने अंग्रेजी की शिक्षिका से भी अलग से पूछताछ की। पूछताछ में शिक्षिका ने बताया कि एक शिक्षिका से उनका झगड़ा हुआ था। मामला छह महीने से लगातार चल रहा है। बच्चों के लगाए गए आरोप में शिक्षिका कहा कि उन्हें फंसाया जा रहा है। उन पर लगाए आरोप बेबुनियाद हैं।
शिक्षकों को संयम बरतना चाहिए
गवर्नमेंट हाईस्कूल सेक्टर -17 के इंचार्ज पवन कुमार ने कहा कि शिक्षक पढ़ाई के दौरान गुस्सा करते ही हैं लेकिन पढ़ाई के दौरान संयम बरतना चाहिए। मामले को गंभीरता से लेते हुए कमेटी ने दोनों पक्षों की बात सुनी। अन्य शिक्षिकों को इस तरह की हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी गई है। स्कूल प्रशासन ने यह भी कहा कि कि बच्चों के लिए पढ़ाई और अनुशासन जरूरी है।
कोट -
शिक्षिका की ओर से बच्चों को पीटने के मामले में कमेटी की ओर से बयान दर्ज किया गया है। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर अगर शिक्षिका की गलती पाई गई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। - संध्या मलिक, जिला शिक्षा अधिकारी, पंचकूला