संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-2 स्थित सीनियर वेटरन होम बसंतर में रहने वाली बुजुर्ग महिला के एटीएम कार्ड के गुम होने और खाते से एक लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिक जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता ललिता वधवा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका आईसीआईसीआई बैंक का डेबिट कार्ड गुम हो गया है। 14 जनवरी 2026 को उनके मोबाइल पर खाते से पैसे निकलने के संदेश आए, जिसमें 10 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल एक लाख रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली।
शिकायतकर्ता के अनुसार यह रकम किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके डेबिट कार्ड का दुरुपयोग कर निकाली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। जांच के तहत 16 जनवरी को बैंक से शिकायतकर्ता के खाते की स्टेटमेंट प्राप्त की गई है। संबंधित एटीएम से सीसीटीवी फुटेज भी जुटाई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि पैसे किसने और कैसे निकाले।