पंचकूला। सेक्टर-15 में रविवार शाम बाइक सवार अज्ञात युवक एक युवती से मोबाइल फोन छीनकर भाग या। घटना के बाद युवती ने थाना सेक्टर-14 में शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस को दी शिकायत में नवदीप कौर सेक्टर-18 ने बताया कि वह अपनी दोस्त अंजली देवी के साथ फेस-2 स्थित एक निजी फर्म में काम करती है। 18 जनवरी को दोनों सेक्टर-15 पंचकूला में पीजी देखने के लिए गई थीं। शाम करीब 4:36 बजे जब वे मकान नंबर-1728 सेक्टर-15 के सामने से गुजर रही थीं, उस दौरान नवदीप कौर अपने जानकार से मोबाइल पर बात कर रही थी। इसी बीच पीछे से एक अज्ञात युवक बाइक पर आया और झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन छीनकर भाग गया। आरोपी ने काले रंग की हुडी पहन रखी थी और चेहरे पर मफलर लपेटा हुआ था। वह बाइक का नंबर नोट नहीं कर सकी। शिकायतकर्ता और उनकी दोस्त ने आरोपी का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह तेजी से भाग निकला। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।